
भोपाल. प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि कुशवाह समाज ने भाजपा के चेहरे को समझ लिया है जो उनकी जागरूकता का परिचायक है। मैं उन तमाम लोगों का स्वागत करता हूं जो आज कांग्रेस के साथ है। उन्होंने कहा कि अगर, मगर, किंतु, परंतु की कोई भी बात नहीं होगी। न्याय प्राप्त करने के आपके अधिकार को कांग्रेस ने स्वीकार कर लिया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर आपको इसका सबूत खुद-बखुद मिल जायेगा। कमलनाथ आज राजधानी के मानस भवन में प्रदेश भर से आये कुशवाहा समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। कमलनाथ ने कहा कि सामाजिक न्याय की बात तो कांग्रेस ने ही की थी। महाजन आयोग कांग्रेस सरकार में बना था, जिसकी सिफारिशें बीजेपी शासनकाल में धूल खा रही हैं। उन्होंने कहा कि मैंने हर समाज के साथ बैठक की है। आज प्रजातंत्र की मजबूती का प्रश्न है। सामाजिक न्याय मिलने पर ही प्रजातंत्र की नींव मजबूत रहेगी। इसलिये मैं कहता हूं केवल एक समाज की बात नहीं है, बल्कि सभी समाजों ने मिलकर भारत के प्रजातंत्र को मजबूत किया है। यही हमारे देश की पहचान है।
श्री नाथ ने कहा है कि आपके समाज को राजनैतिक और सामाजिक संरक्षण देने के लिये कांग्रेस वचनबद्ध है। भाजपा और कांगे्रस की सोच, दृष्टिकोण और नजरिये में जमीन-आसमान का अंतर है। हमारा विश्वास सबको साथ लेकर चलने में है। हम हर समाज को उसका अधिकार देने में विश्वास करते हैं। मेरा सभी से आग्रह है कि तस्वीर आपके सामने है। सच्चाई को समझिये और प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिये सच्चाई का साथ दीजिये।
कमलनाथ ने कहा कि आज नौजवानों और कृषि क्षेत्र के भविष्य का प्रश्न है। बुजुर्गों की दुनिया और थी और नयी पीढ़ी की सोच अलग है। युवा अपनी आवाज उठाना जानता है। उनमें एक तड़प है और आज वह अपने अधिकार की मांग कर रहा है। लेकिन हमें सतर्क रहना है। कभी-कभी हम भावनाओं में बह जाते हैं, क्योंकि भाजपा के लोग येन-केन-प्रकारेण हमारे साथ भावनात्मक शोषण करने से नहीं चूकते। मध्यप्रदेश का भविष्य अब नौजवानों के हाथ में ही सुरक्षित रहेगा। इस अवसर पर सिद्वार्थ कुशवाह, नारायणसिंह कुशवाहा, नरेश कुशवाह, बैजनाथ कुशवाह, गुरूदयाल कुशवाह, उमराव कुशवाह, तोताराम महाजन, बिहारी भैया, हिना कांवरे, महेश कुशवाह, बद्री कुशवाह, इंदरसिंह, मदन कुशवाह, सोनेराम कुशवाह आदि नेताओं ने भी अपनी-अपनी बात रखी। सभी प्रतिनिधिों ने बहुत ही तार्किक रूप से प्रदेश के राजनैतिक समीकरणों के बारे में अपनी बात कही। यह बताया गया कि किस तरह जनता को कांगे्रस के पक्ष में मोड़ा जा सकता है। कमलनाथ ने उनकी बातें बड़े ध्यान से सुनी और उस पर अमल के लिये अपनी सहमति व्यक्त की।