अशोकनगर। यह उपचुनाव लोकतंत्र की रक्षा और विकास का है। एक तरफ राजा-महाराजा की पार्टी है वहीं दूसरी तरफ लोकतंत्र की पक्षधर एवं विकास की सोच वाली पार्टी है। इसलिए आप इस उपचुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान कर मुंगावली क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का रास्ता खोलें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद श्री प्रभात झा ने ग्राम बीड़सरकार, गुन्हेरू बामौरी में आमसभाओं को संबोधित करते हुए कही। आज प्रभात झा एवं प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री गौरीशंकर बिसेन मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के एक दर्जन गांवों में पहुंचे। उन्होंने मूडरा मुंगावली, बरवाह, झागर, सेमरखेड़ी, हिन्नौदा, फजलपुर, सीहोरा में सभाओं को संबोधित किया एवं ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।