‘‘गरीबों को गुलाब’’ और ‘‘भाजपाईयों को जुलाब’’ देने की भी थी तैयारी!?

 

भोपाल, 10 फरवरी। कांग्रेस ने प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन करने की कड़ी निंदा की. कांग्रेस ने भाजपा पर जवाबी हमला करते हुए यह कहा कि जिन गरीबों के झुग्गी और ठेलों को भाजपा के इशारे पर नगर निगम ने बुलडोजरों से रौंद कर उनके आशियाने उजाड़े हों, धंधों को बर्बाद किया हो, उसे अब गरीबों की याद क्यों और किसलिए आने लगी है?
भाजपा द्वारा पीछे रहकर उक्त चेहरों से करवाये गये इस प्रदर्शन का जवाब कांग्रेस, इन प्रदर्शनकारियों को गुलाब के फूल देकर अभिनंदन करना चाह रही थी। प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पी.सी. शर्मा, प्रवक्ता दुर्गेश शर्मा, संगीता शर्मा, ब्रजेश पांडे, मनोज शुक्ला, पार्षद गुड्डू चौहान सहित कांग्रेसजन भाजपाई प्रदर्शनकारियों का स्वागत करने हेतु गुलाब के फूल लेकर लगभग एक से डेढ घंटे तक कांग्रेस मुख्यालय के मुख्य द्वार पर खड़े रहे, किंतु पुलिस ने उन्हें आने नहीं दिया।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने  परंपराओं के प्रतिकूल एवं राजनैतिक वातावरण को अशांत करने वाला आचरण बताते हुए कहा कि प्रशासन को हमने कांग्रेस के दृष्टिकोण से अवगत करा दिया था कि यदि गरीब प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय आते हैं तो हम उनका गुलाब के फूलों से हार्दिक अभिनंदन करेंगे, क्योंकि कांग्रेस पार्टी का मूल आधार ही गरीबों का साथ है, किंतु सरमायेदारों के प्रतिनिधियों ने यदि स्थिति को बिगाड़ने की कोशिश की तो ‘‘गरीबों को गुलाब’’ और ‘‘भाजपाईयों को जुलाब’’ देने की तैयारी भी पार्टी ने कर रखी है। लिहाजा, पुलिस व जिला प्रशासन के मौजूद अधिकारियों ने स्थिति को भांप सख्ती दिखाते हुए कथित भाजपाई प्रदर्शनकारियों को कांग्रेस मुख्यालय तक आने नहीं दिया.(UpdateMpCg.com)

Pradeep Jaiswal

Political Bureau Chief

Leave a Reply