
हमारे अनुशासन की चर्चा विरोधी खेमे
में भी, यह गौरव की बात : राकेश सिंह
उज्जैन नगर एवं ग्रामीण जिले की बैठक में कार्यकर्ताओं से बोले प्रदेश अध्यक्ष
उज्जैन। त्याग, समर्पण और अनुशासन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की विशेषता रहे हैं, लेकिन अब हमारे इस अनुशासन की चर्चा हमारे विरोधी भी करने लगे हैं। यह पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है।
यह बात बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने उज्जैन में नगर और ग्रामीण जिले की जिला स्तरीय वृहद बैठक एवं विधानसभा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का जो रास्ता देश और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने दिखाया है, उस पर कदम बढ़ाने के लिए देश का हर व्यक्ति भाजपा कार्यकर्ताओं को आशा भरी नजरों से देख रहा है। बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी ताकत का अहसास कराते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश मे एक मात्र ऐसा राजनैतिक दल है, जिसे कार्यकताओं की पार्टी कहा जाता है। दूसरे राजनीतिक दल हमसे सीखने की कोशिश करते हैं। प्रमुख विपक्षी दल के नेता भी यह कहते हैं कि कांग्रेस को भाजपा और आरएसएस से अनुशासन सीखना चाहिए। यह इस बात का प्रमाण है कि राजनैतिक रूप से कोई हमारा कितना भी विरोध करे, लेकिन भीतर से वह स्वयं भी इस बात को मानता और जानता है कि कोई भी दल अनुशासन के मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं का मुकाबला नहीं कर सकता। हमारी यह विशेषता जहां एक ओर हमारी पूंजी है, ताकत है, वहीं दूसरी तरफ यह जनता की उन अपेक्षाओं को बढ़ा देती है, जो जनता हमारी पार्टी और कार्यकर्ताओं से रखती है।
हमारे यहां सत्कार उनके यहां पिटाई
प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में हम मिलजुल कर पार्टी के कामों को गति देते हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस भाजपा की तरह काम करने और तेज गति से काम करने की कोशिश कर रही है, लेकिन वह सफल नहीं हो पाती। भारतीय जनता पार्टी का कोई पदाधिकारी जब कार्यकर्ताओं से मिलता है, तो कार्यकर्ता उसका आत्मीयता से स्वागत करते हैं और गले लगाते हैं। लेकिन कांग्रेस में जब कोई पदाधिकारी कार्य विस्तार के लिए दौरा करता है, तो उसके साथ धक्का-मुक्की, दुर्व्यहार और मारपीट की खबरें अखबारों में छपती हैं। कार्यकर्ताओं को उनकी शक्ति का अहसास कराते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केरल और बंगाल जैसे राज्यों में जब पार्टी कार्यकर्ताओं की बर्बर हत्याएं की जाती हैं, तो वहां पहुंचने वाले अन्य कार्यकर्ता अपने साथियों की लाशों के पास खड़े होकर भी वंदे मातरम् का जयघोष करते हैं। उन्होंने कहा कि यह खूबी सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में ही है और यही कारण है कि देश में 56 साल राज करने वाले आज भाजपा से अनुशासन सीखने की बात कर रहे हैं।