उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव एक नया इतिहास रचेगा और राजनीति को नई दिशा देगा। यह 6 महीने का चुनाव है और हम विश्वास दिलाते हैं कि हम मुंगावली में विकास की नई गंगा बहाएंगे। जो यहां के क्षेत्रीय सांसद हैं उनकी विकास में कोई रुचि नहीं है। महाराज की जय हो, महाराज की जय हो, यही नारे लगवाते रहते हैं। अगर विकास होगा, जनता पढ़-लिख जाएगी तो उनके नारे कौन लगाएगा। उन्होंने कहा कि हम सत्ता प्राप्त करके सत्ता का उपयोग सेवा के रूप में करते हैं। हमारा विचार है कि मध्यप्रदेश की जनता की तस्वीर और तकदीर बदले और बाईसाहब निश्चित रूप से मुंगावली की तस्वीर और तकदीर बदलेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट रूप से संकेत देते हुए कहा कि यह चुनाव मात्र 6 माह का है। हम साढ़े चार साल की कमी इन 6 माह में पूरी कर देंगे। बाईसाहब के केवल तीन बेटे नहीं बल्कि हर कार्यकर्ता उनका बेटा है। वह सबके साथ समान व्यवहार करती हैं। उन्होंने कहा कि विधायक बनने पर मुंगावली की चिंता करने के लिए एक मंत्री को विशेष रूप से मुंगावली क्षेत्र के लिए तैनात करूंगा। एक अफसर मुख्यमंत्री के निवास पर मुंगावली के कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की चिंता करेगा। बाईसाहब अकेली नहीं बल्कि पूरी टीम उनके साथ खड़ी है। मैं इस बात का आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि बाईसाहब के साथ शिवराज सिंह भी मुंगावली के विधायक के रूप में कार्य करेगा।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुंगावली की मिट्टी की सुगंध पहचानकर भाजपा नेतृत्व ने जो टिकिट दिया है वह जन-जन का निर्णय है। हमें विश्वास है कि बाईसाहब भारी बहुमत से जीतेंगी और क्षेत्र में कमल का फूल खिलेगा। हमारा संगठन कार्यकर्ताओं का संगठन है। मुंगावली में जगह-जगह दीवारों पर लिखा है, अबकी बार दो सौ पार, भाजपा सरकार। इसकी शुरुआत मुंगावली से ही होगी।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के पाप का घड़ा भर चुका है। मुंगावली क्षेत्र के बड़े सात्विक कांग्रेस नेता डॉ. केपी यादव आज भाजपा परिवार में शामिल हुए हैं और उनके सहयोग से हमारे कार्यकर्ता मुंगावली क्षेत्र में कांग्रेसी लंका का दहन करेंगे।