सट्टा बाजार के हिसाब से कांग्रेस की सरकार!

भोपाल से बीजेपी को 4, कांग्रेस को 3 सीटें

इंदौर/भोपाल। प्रदेश में 99 सीट पर सिमट रही भाजपा! मतदान के बाद मध्यप्रदेश में बनने वाली सरकार को लेकर सट्टा बाजार का जो आकलन सामने आ रहा है, उसके हिसाब से कांग्रेस की सरकार बन रही है। उसे 116 सीटें मिल रहीं हैं, जो बहुमत के लिए पर्याप्त हैं। चौंकाने वाली बात ये है कि तीन बार से सत्ता में काबिज भाजपा का आंकड़ा सैकड़ा भी पार नहीं कर पा रहा है।
इंदौर सट्टा कारोबार का बड़ा गढ़ है। सटोरियों ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार अभी से बनवा दी है। सट्टा बाजार के हिसाब से कांग्रेस को 116 से 118 सीटें मिल रहीं हैं। भाजपा को 99 से 100 सीटें मिल सकती हैं। सट्टा खाने वाले बड़े कारोबारी भाजपा को सौ से अधिक सीट देने को तैयार नहीं हैं, जबकि मतदान के पहले 105 सीटें दे रहे थे।

भोपाल में बीजेपी को 4 और कांग्रेस को 3 सीटे

सट्टा बाजार के हिसाब से भोपाल में चार सीट भाजपा को आ रहीं हैं तो कांग्रेस को तीन सीटें मिल रहीं हैं। सटोरियों के रेट के मुताबिक बीजेपी के नरेला से विश्वास सारंग, हुज़ूर से रामेश्वर शर्मा, गोविंदपुरा से कृष्णा गौर और दक्षिण-पश्चिम से उमाशंकर गुप्ता शामिल है जबकि कांग्रेस से बैरसिया में जयश्री, भोपाल उत्तर से आरिफ अकील और भोपाल मध्य से आरिफ मसूद की जीत बताई जा रही है।
इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा का कहना है कि हम दावे के साथ कह रहे हैं कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि वक्त है बदलाव का, कांग्रेस का यह स्लोगन 11दिसंबर को चरितार्थ होने जा रहा है। उधर, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने दावा किया कि राज्य में चौथी बार भी बीजेपी की सरकार बन रही है और कांग्रेस के मुंगेरीलाल के हसीन सपने पूरे नहीं होने वाले हैं।

इंदौर में भाजपा पांच और कांग्रेस चार

सट्टा बाजार के हिसाब से इंदौर में पांच सीट भाजपा को आ रहीं हैं तो कांग्रेस को चार सीटें मिल रहीं हैं। सटोरियों के रेट के मुताबिक शहर की सारी सीटें भाजपा को तो ग्रामीण इलाकों की चारों सीटें कांग्रेस को जा रहीं हैं। 1 में सुदर्शन गुप्ता, 2 में रमेश मेंदोला, 3 में आकाश विजयवर्गीय, 4 में मालिनी गौड़ और 5 में महेंद्र हार्डिया की जीत बताई जा रही है, वहीं राऊ से जीतू पटवारी, सांवेर से तुलसी सिलावट, महू से अंतरसिंह दरबार व देपालपुर से विशाल पटेल को बता रहे हैं। Update/ दैनिक जयहिन्द न्यूज।

Pradeep Jaiswal

Political Bureau Chief