भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान ने गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल श्रीमती आनन्दी बेन पटैल के संबोधन को प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने विगत 14-15 वर्षों में बीमारू राज्य से एक विकासोन्मुखी मध्यप्रदेश का सफर सफलतापूर्वक किया है। रोटी, कपड़ा और मकान की बुनियादी आवश्यकताएं जिस तरह पूरी की जा रही हैं। इसका ब्यौरा भी राज्यपाल ने अपने संबोधन में जनता के सामने पटल पर रख दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह तो एक पड़ाव है। विकास का कारवां मंजिल की ओर बढ़ रहा है जिसे कोई भी शक्ति रोक नहीं सकती। श्री चौहान ने इन वर्षों की प्रगति को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रदेश की जनता को बधाई दी है। क्योंकि यह ऐतिहासिक क्षण सरकार और जनता के मिलेजुले प्रयासों का ही प्रतिफल है। खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रदेश-देश में अग्रणी राज्य बना है, जहाॅ करीब साढ़े पांच करोड़ नागरिकों को सस्ता राशन 1 रू. किलो गेहॅू उपलब्ध है।