132 से अधिक सीटें जीतने का दावा

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को एमपी विधानसभा की कुल 230 सीटों में से 132 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया। गौरतलब है कि इस बार विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान में रेकॉर्ड 75 प्रतिशत मतदान हुआ। साल 2013 की तुलना में मतदान प्रतिशत में दो प्रतिशत का इजाफा हुआ।
दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘हम 132 से ज्यादा सीटें जीतेंगे और 15 साल बाद राज्य में बीजेपी को सत्ता से बेदखल कर देंगे। 2013 के विधानसभा चुनाव में करीब तीन प्रतिशत जाली मतदाता थे। इस दफा विधानसभा चुनाव से पहले हमने मतदाता सूची से इनकी लगभग छंटनी करवा दी।’

दिग्विजय ने की कार्यकर्ताओं की तारीफ

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस बार चुनाव जीतने के लिए दिलो-जान लगा दिया। उन्होंने कहा, ‘इस बार कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की जीत के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। यह जनता और सरकार के बीच की लड़ाई है।’ यहां यह भी बता दें कि राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। गौरतलब है कि 2003 में प्रदेश की सत्ता से बाहर हुई कांग्रेस इस बार वापसी का जोरदार दावा कर रही है। कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ की तिकड़ी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा है। अब 11 दिसंबर को आने वाले नतीजे ही तस्वीर साफ करेंगे कि यह तिकड़ी अपना काम सही से कर पाई है या फिर लगातार तीन बार से मुख्यमंत्री बन रहे शिवराज सिंह चौहान चौथी बार भी राज्य के मुख्यमंत्री बन जाएंगे और कांग्रेस का सपना टूट जाएगा। फोटो, Update/दैनिक जयहिन्द न्यूज।

Pradeep Jaiswal

Political Bureau Chief