ना खाता ना बही, कांग्रेस नेता जो कहे वही सही! बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कसा तंज

भोपाल,UPDATE/ जयहिन्द न्यूज़। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा ने अफसरों और कर्मचारियों को धमकाने को लेकर कमलनाथ सरकार पर तंज कसा है। राकेश शर्मा ने यहां जारी बयान में कहा है कि मध्यप्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है अधिकारियों का कर्मचारियों का चैन छिन गया है। लगातार उन पर दबाव बनाया जा रहा है। ट्रांसफर उद्योग की ट्रेन पर चुनाव आचार संहिता के कारण ब्रेक लगा हुआ है। कांग्रेस के नेता अभी भी ट्रांसफर ट्रेन में एडवांस बुकिंग कर रहे हैं। जो कर्मचारी, अधिकारी कांग्रेस नेताओं के दबाव में नहीं आ रहे, उन्हें आने वाले समय में ट्रांसफर की धमकी दी जा रही है। कांग्रेस का अदना-सा नेता सीधे कर्मचारियों से मंत्री की धमकी देता है या मंत्री से बात कराता है। इंदौर में राजवाड़ा पर पुलिस चेकिंग कर रहे सूबेदार ने एक युवक की गाड़ी को पकड़ा, वह युवक अपने आपको कांग्रेस के बड़े नेता का भांजा बताने लगा और सूबेदार को धमकाने लगा। जब सूबेदार ने उसकी बात नहीं सुनी, तो उस सूबेदार को मानसिक इलाज के नाम पर वहां से हटा दिया गया। कल की घटना, जिसमें महिला सूबेदार द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ मंत्री के भतीजे को नियम-कानून तोड़ने पर रोका गया, तो बालाघाट ट्रांसफर की धमकी दी गई। साथ ही मंत्री जी भी नाराज हो गए। क्या मध्यप्रदेश में जंगल राज आ गया है? अधिकारी,कर्मचारी इमानदारी से अपना काम नहीं कर सकते। पुलिस प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी कब तक इस तरह कांग्रेस के नेताओं से प्रताड़ित होते रहेंगे। मध्यप्रदेश में सरकार को आदेश निकालना चाहिए कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सभी नियम-कानून से ऊपर हैं, उनके लिए ना कोई नियम ना कोई कानून। ना खाता ना बही, कांग्रेस नेता जो कहे वही सही! क्योंकि 15 वर्ष से सत्ता से बाहर रहने के कारण अब पूरी कसर चंद दिनों में निकालना चाहते हैं। कांग्रेस से मध्यप्रदेश की जनता और अधिकारी, कर्मचारी अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। कड़ी धूप में पुलिस के कर्मचारी, अधिकारी कानून का राज नियम-कायदे को बरकरार रखने के लिए प्रयास कर रहे हैं, उन्हें कांग्रेस के नेता प्रताड़ित कर रहे हैं।updatempcg.com/ दैनिक जयहिन्द न्यूज़

Pradeep Jaiswal

Political Bureau Chief