नेहरू युवा केंद्र द्वारा राज्य स्तरीय युवा संसद का आयोजन
राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव 2023 के अंतर्गत राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन नेहरू युवा केंद्र मध्यप्रदेश द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 52 जिले से चयनित प्रतियोगियों ने राज्य स्तर युवा संसद महोत्सव 2023 के लिये तीन विषयों – भविष्य में कार्य का स्वरुप : उद्योग 4.0, नवाचार एवं 21वीं सदी का कौशल, जलवायु परिवर्तन और आपदा जोखिम नियंत्रण – सुस्थिरता को जीवन शैली बनाना और भारत में महिलाओं की सुरक्षा – चुनौतियां एवं समाधान जैसी विषयों पर अपने विचार रखे।
सोनाली चौहान ने कहा कि आज कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया के द्वारा उद्योग क्षेत्र में लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। तकनीक के आ जाने से भारत में कार्य का स्वरूप तेजी से बदल रहा है।
प्रतिभागी मानसी जैन ने अपनी बात रखते हुए कहा कि आज बड़ा गर्व होता है जिस देश की कार्य प्रणाली एक समय गरीबी, बेरोज़गारी, रूढ़िवादिता को देखकर विदेशी शक्तियाँ मुँह चिढ़ा रही थीं वहीं देश अपनी कार्य प्रणाली से आज़ादी के 75 वे वर्ष में आज़ादी का अमृत महोत्सव माना रहा है। और उद्योग 4.0 के साथ कृत्रिम बौद्धिकता, मशीन लर्निंग, दूरसंचार, यातायात और स्मार्ट मोबिलिटी जैसे तकनीकी क्षेत्रों के साथ कदमताल करते हुए वर्तमान तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
प्रतिभागी साक्षी त्रिपाठी ने महिला सशक्तिकरण पर बात रखी।
प्रतिभागी यश शर्मा ने पर्यावरण और आपदा प्रबंधन पर कहा कि वर्तमान विश्व जलवायु परिवर्तन की समस्याओं से जूझ रहा है। गर्मी, बरसात एवं ठंड जैसी परंपरागत मौसम की चक्कर में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इसका परिणाम हमें कभी सुनामी के रूप में, तो कभी जोशीमठ या ज्योतिर्मठ में प्राकृतिक आपदा के रूप में देखने को मिल रहा है। चूँकि यें सभी आपदाये दिखने में तो प्राकृतिक आपदाएं लगती है, किंतु वास्तव में यह मानव जनित आपदाएं हैं। यदि मानव समय पर नहीं चेता तो यह आपदाएं मानव सभ्यता को निकल जाएगी। जलवायु संकट से निपटने के लिए हमें भारतीय संस्कृति के अनुरूप जीवन पद्धति एवं जीवन मूल्यों को अपनाना होगा।
प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय, भोपाल के हिन्दी विभाग के प्राध्यापक डॉ सुधीर शर्मा, शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, भोपाल की अंग्रेजी विभाग की प्राध्यापक डॉ ममता एक्का, दूरदर्शन मध्य प्रदेश की एंकर डॉ तपस्या तोमर एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्राप्तकर्ता शुभम चौहान सहित शायना कुरैशी उपस्थित रही। स्वागत उद्बोधन देते हुए राज्य निदेशक डॉ. सुरेंद्र शुक्ला ने बताया कि राज्य स्तर पर तीन युवाओं को राष्ट्रीय युवा संसद के लिए किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 23-24 फरवरी को संसद के केंद्रीय सभागार में अपना विचार रखने का अवसर दिया जाएगा एवं दो प्रतिभागी राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संचालन आशुतोष मालवीय एवं आभार अंकित सिंह ने व्यक्त किया।