चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का करेंगे प्रतिनिधित्व
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण : विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर
भोपाल जयहिंद न्यूज़। मध्य प्रदेश। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा माय भारत, मध्य प्रदेश के माध्यम से राष्ट्र निर्माण एवं नीति निर्धारण में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता के अंतर्गत राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता का दो दिवसीय आयोजन विधानसभा भवन के मानसरोवर सभागार में किया गया । प्रतियोगिता में प्रदेश के समस्त जिलों से चयनित 250 से अधिक युवा सम्मिलित हुए।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रमुख सचिव विधानसभा श्री अरविन्द शर्मा, राज्य निदेशक तारा पारगी एवं डॉ क्षेत्रीय निदेशक डॉ अशोक श्रोती की गरिमामय उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं वन्देमातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ।
इस अवसर पर राज्य निदेशक श्रीमती तारा पारगी ने मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया तथा कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की।
विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सभी युवाओं को उपस्थित सम्बोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया, उन्होंने युवाओं एवं नागरिकों को इस अवसर पर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। उनके सशक्तीकरण के बिना विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे युवा संसद कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा राष्ट्रहित में सोचने के लिए एक प्रभावी मंच हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपनिदेशक श्रीमती निक्की राठौर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
ज्ञात हो कि राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विधायी प्रक्रियाओं एवं लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराना है। इस मंच के माध्यम से युवा प्रतिभागी समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श कर विकसित भारत के निर्माण हेतु अपने सुझाव प्रस्तुत कर रहे हैं।
कार्यक्रम के मूल्यांकन हेतु प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल में श्री मोहनलाल मनवानी, श्री माधव दफ्तरी, श्री अक्षत शर्मा, श्री आदित्य श्रीवास्तव एवं डॉ. सुधीर कुमार शर्मा शामिल रहे।
इस अवसर पर उपनिदेशक मोनिका चौधरी, लेखाधिकारी सी आर जांघेला, प्रोजेक्ट असिस्टेंट देवेंद्र वर्मा एवं क्षेत्रीय निदेशक डॉ अशोक श्रोती की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन शुभम चौहान, अभिषेक सुमन द्वारा किया गया। अंत में उपनिदेशक श्रीमती निक्की राठौर ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जबलपुर के प्रतिभागी आदित्य अवस्थी ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करते हुए हमें राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करता है। वहीं शहडोल के प्रतिभागी ओम तिवारी ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से हम अपनी बात को अभिव्यक्त कर पा रहे है यह हमारे लिए अत्यंत गौरव की बात है।

