एकमुश्त 11% मंहगाई भत्ता बढ़ाने पर सभी कर्मचारी संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री का आभार प्रदर्शन….. अन्य लंबित मांगों के प्रति ध्यानाकर्षण


UPDATE. मध्यप्रदेश के शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों को एकमुश्त 11% मंहगाई भत्ता देकर केंद्रीय कर्मचारियों के समतुल्य लाने का निर्णय लेने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का समस्त अधिकारी कर्मचारी संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री निवास में जाकर आभार व्यक्त किया गया। उक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ साथ श्री शिव चौबे, अध्यक्ष सामान्य वर्ग कल्याण आयोग, श्री सुल्तान सिंह शेखावत जी (पूर्व अध्यक्ष असंगठित श्रमिक कल्याण बोर्ड), एवं श्री रमेशचन्द्र शर्मा पूर्व अध्यक्ष कर्मचारी कल्याण समिति भी उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन में प्रदेश के 57 अधिकारी/कर्मचारी संगठन शामिल थे। कर्मचारी संगठनों की ओर से श्री क्षेत्रपाल जी, प्रांताध्यक्ष शिक्षक संघ, श्री डी के यादव प्रांताध्यक्ष राजपत्रित अधिकारी संघ, डॉ ललित, प्रांताध्यक्ष, चिकित्सा अधिकारी संघ तथा इंजी सुधीर नायक, संरक्षक मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने प्रदेश के समस्त अधिकारियों कर्मचारियों की ओर से मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया। इंजी सुधीर नायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कर्मचारी संगठनों की अन्य लंबित मांगों को सुनने के लिए पृथक से एक बैठक आहूत की जाए जिसे मुख्यमंत्री जी ने अपने उदबोधन में स्वीकार किया। मुख्यमंत्री जी ने अपने उदबोधन में कोरोनाकाल में प्रदेश के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा किए गए अथक परिश्रम की सराहना की।कोरोना के कारण दिवंगत हुए अधिकारियों/ कर्मचारियों को मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे जैसे प्रदेश की अर्थव्यवस्था पटरी पर आ रही है, सरकार लंबित चीजों का भुगतान करती जा रही है। पिछले वर्ष स्थिति थोड़ी सुधरने पर वेतन-वृद्धि का भुगतान कर दिया गया था और अब और सुधार होने पर केंद्र और राज्य के बीच मंहगाई भत्ते के अंतर को एकमुश्त पाट दिया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लंबित मांगों के लिए शीघ्र ही पुनः बैठेंगे और जो मांगें तत्काल करने योग्य होंगी उन्हें करते जायेंगे। यह एक नया प्रयोग होगा कि मुख्यमंत्री और कर्मचारी एकसाथ बैठकर समस्याओं का निराकरण करेंगे।

कार्यक्रम का गरिमामय संचालन श्री अजय श्रीवास्तव नीलू प्रांताध्यक्ष निगम मंडल कर्मचारी महासंघ द्वारा किया गया।कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारी नेताओं ने स्वल्पाहार ग्रहण किया।

Pradeep Jaiswal

Political Bureau Chief

Leave a Reply