उत्तराखंड में भाजपा की जीत के शिल्पी बनेंगे सीएम शिवराज : राकेश शर्मा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उत्तराखंड में चुनाव प्रचार की चर्चा पूरे देश में हो रही है। उनकी अनेकों स्थानों पर हो रही धुंआधार जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है। यही नहीं उनके आक्रामक तेवरों से कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की नींद हराम हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड में भाजपा के पक्ष में ऐसा माहौल बना दिया है कि पार्टी वहां प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगी। राजनीतिक पंडितों की माने तो उत्तराखंड की जीत के शिल्पी साबित होंगे शिवराज सिंह चौहान। वे इन दिनों उत्तराखंड में चुनाव प्रचार अभियान में मुख्य भूमिका निभा रहे है। उनकी आक्रामक शैली से कांग्रेस नेताओं की धड़कनें बढ़ गई है। कांग्रेस के पास शिवराज की काट नहीं है। वह किंकर्तव्यविमूढ़ बन गई है। वहीं शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे जिन-जिन क्षेत्रों में प्रचार के लिए पहुंचते हैं उनकी जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है। उन्हें सुनने के लिए लोगों में क्रेज है। दूरदराज से लोग इकट्ठे हो रहे हैं। यही नहीं सहज और सरल शिवराज जी के साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की उत्सुकता देखते ही बनती है। वे उत्तराखंड की सड़कों पर आम लोगों से आत्मीयता से घुल मिल रहे हैं और भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील कर रहे हैं। हालांकि यूं तो भाजपा ने स्टार प्रचारकों की फोज उतारी है। लेकिन उत्तराखंड में प्रचार हेतु सबसे ज्यादा मांग मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की हो रही है। उत्तराखंड के हर क्षेत्र का चुनाव लड़ रहा भाजपा का प्रत्याशी
चाहता है की शिवराज सिंह चौहान उसके क्षेत्र में कुछ समय दें या एक सभा उसके क्षेत्र में ले लें। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की लोकप्रियता की झलक उनकी जनसभाओं में उमड़ रही भीड़ से साफ देखी जा सकती है।

राह चलते लोगों को अपना बना लिया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की खासियत है कि वे राह चलते लोगों को अपना बना लेते हैं। उत्तराखंड में भी ऐसा ही हुआ। बीते दिनों जब हरिद्वार ज़िले के विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी का चुनाव प्रचार करने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे तो उन्होंने राह चलते लोगों से वोट मांगे, उनकी इस सहजता को लोगों ने खूब सराहा। यहां माहौल भाजपामय हो गया।

कांग्रेस को लिया निशाने पर, जमकर बरसे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खास तौर से कांग्रेस को निशाने पर रखा और जमकर प्रहार किए। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और वंशवाद के आरोप लगाए। कहीं उन्होंने कांग्रेस को केकड़ा पार्टी कहा तो कहीं राहुल गांधी की तुलना कॉमेडियन कपिल शर्मा से की। उन्होंने कहा कि हमारे चार धाम है, केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री। हम सभी वहां जाते हैं और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। जबकि कांग्रेस के हरीश रावत के चार धाम है, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा। वे वहां जाकर आशीर्वाद लेते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को निपटाने के लिए राहुल बाबा ही काफी हैं। हरीश रावत उत्तराखंड के मिस्टर बंटाधार है। केदारनाथ आपदा के मृतकों के मुआवजे का पैसा भी हरीश रावत खा गए। राहुल गांधी को कांग्रेस प्रत्याशी जनता के मनोरंजन हेतु जनसभा करने बुलाते हैं। उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बन रही है। सीएम शिवराज ने कहा कि मैं धामी जी की शपथ ग्रहण में आऊंगा। कांग्रेस दोमुही नीति पर काम करती है। विपिन रावत जी को सड़क का गुंडा कहने वाली कांग्रेस के नेता चुनाव में वोटों के लिए उनके कट आउट लगा रहे हैं।

भाजपा के पक्ष में ऐसे बनाया माहौल

मध्यप्रदेश में पांव-पांव वाले भैया और मामा के रिश्ते की पहचान रखने वाले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड में भी अपनी चिर-परीचित शैली से लोगों को अपना बना लिया। उन्होंने विधायक सुरेश राठौर की विधानसभा ज्वालापुर में रोड शो किया। चौहान ने आम रास्तों से गुज़रते हुए लोगों से वोट मांगे। लोगों ने भी उन्हें भरपूर समर्थन दिया। इसी दौरान एक बारात मिलने पर चौहान प्रचार वाहन से उतरकर दूल्हे के पास पहुंचे और उसे फूलमाला पहनाते हुए भाजपा को वोट देने की अपील की। ज्वालापुर की सभा में चौहान ने राहुल और केजरीवाल पर तीखे कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और केजरीवाल उत्तराखंड के लिए राहु-केतु की तरह हैं, जो प्रदेश के विकास को ग्रहण लगा सकते हैं।

खराब मौसम ने रोकी राह तो हेलीकॉप्टर से किया संबोधित

भारत के इतिहास में पहली बार किसी नेता की हेलीकॉप्टर से सभा हुई। नैनीताल से शिवराज सिंह चौहान को यमुनोत्री में चुनावी सभा लेने जाना था लेकिन शिवराज जी का हेलीकॉप्टर खराब मौसम होने के कारण नैनीताल से यमुनोत्री के लिए उड़ान नहीं भर सका। यमुनोत्री में हजारों की संख्या में लोग अपने प्रिय नेता शिवराज सिंह चौहान को सुनने के लिए इकट्ठे हुए थे। इन इकट्ठा हुए लोगों को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने हेलीकॉप्टर में बैठकर सभा को संबोधित किया, जो अपने आप में एक अनोखा संबोधन रहा और पहली बार किसी नेता ने जनता को हेलीकॉप्टर में बैठ कर उतनी शिद्दत से पूरा समय देते हुए संबोधित किया। यह सिद्ध करता है कि शिवराज सिंह चौहान अपने काम के प्रति कितने समर्पित हैं।

Pradeep Jaiswal

Political Bureau Chief

Leave a Reply