
भिंड UPDATE. कांग्रेस की जन आक्रोश रैली एवं आमसभा को पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के मुखिया कमलनाथ ने सम्बोधित किया। जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर जमकर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि चंबल की भूमि वीरों की भूमि है, प्रेम की भूमि है, संस्कृति की भूमि है, संतों की भूमि है। ऐसी पावन भूमि को मैं नमन करता हूँ। उन्हें नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति विश्व में सबसे अनूठी है। यह हमें जोड़ कर रखती है, लेकिन इसी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। बाबा साहब अम्बेडकर के संविधान ने हमें शक्तियां दी है। हमारे संविधान का दुनियां के कई देश अनुशरण करते हैं। लेकिन आज यह गलत हाथों में चल गया है। आज हर वर्ग परेशान है। शिवराज सिंह ने मुझे ऐसा प्रदेश सौंपा था जो किसानों की हत्या, बेरोजगारी महिला अत्याचार में नंबर वन था। 15 माह के कार्यकाल में से ढाई महीने लोकसभा चुनाव में निकल गए। साढ़े 12 महीनों में हमने चंबल के 270000 किसानों का कर्जा माफ किया। गौशाला बनवाई, बिजली सस्ती की। प्रदेश में निवेश लाने की शुरुआत की। ताकि नौजवानों को रोजगार मिले, लेकिन आज युवाओं का भविष्य अंधेरे में है। निवेश के लिए प्रदेश में सुरक्षित माहौल नहीं है। सीएम शिवराज सिंह 15 महीनों का हिसाब मांगते हैं। वह सामने खड़े हो जाएं मैं उनको 15 महीनों का हिसाब देता हूं और वह 17 साल का हिसाब दें। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह इतना झूठ बोलते हैं कि झूठ भी शरमा जाए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया। मैं बता देना चाहता हूँ कि मोदी, शिवराज जिस स्कूल में पढ़े हैं वह कांग्रेस ने बनाये हैं। उन्होंने पीएम मोदी की दाढ़ी पर तंज कसते हुए कहा कि जैसे जैसे प्रधानमंत्री मोदी की दाढ़ी बढ़ती है पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ जाती हैं और जब अपनी दाढ़ी काटते हैं तो कम हो जाती है।
सभा को पूर्व मंत्री डॉक्टर गोविंद सिंह ने सम्बोधित करते हुए कहा कि बिना परीक्षा के पहले भर्ती होती थी तो गांव के नौजवानों को मौका मिल जाता था। कांग्रेस की सरकार आई तो जिले की भर्ती जिलास्तर पर ही की जाएगी। वहीं पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह ने किसान और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। सभा मे पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि हठधर्मिता के कारण कई बच्चे परीक्षा से वंचित हो गए। विधायक मेवाराम जाटव, वरिष्ठ नेता बालेंदु शुक्ल, जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह ने भी सभा को सम्बोधित किया। इस अवसर पर, सज्जनसिंह वर्मा, खिजर कुर्रेशी, रामनिवास रावत, अशोक सिंह, विक्रांत भूरिया, बाबा भगवान दास सैंथिया, राधेश्याम शर्मा, विनोद पंडित, संजय भूता, राहुल कुशवाह, अनिल भारद्वाज ने भी अपने विचार रखे।