
शाजापुर. मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के 4 बार पूर्व अध्यक्ष रहे (कैबिनेट मंत्री दर्जा) विजेंद्रसिंह सिसौदिया ने स्वयं को राज्यसभा सदस्य के लिए टिकट दिए जाने की मांग प्रधानमंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों से की है। सिसौदिया ने पत्र जारी करते हुए बताया कि वे जनसंघ से भाजपा तक, युवा संघ के तहसील के प्रधान सचिव से युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष से प्रदेश उपाध्यक्ष तक 22 से अधिक वर्ष से संगठन के विभिन्न पदों पर अपनी सेवा दे चुके है। जनसेवा के क्षेत्र में ग्राम पंचायत के पंच से विधायक तक 8 से अधिक पदों पर रह चुके हैं। सन 1984 से आज तक 35 वर्ष से अधिक प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। साथ ही पत्र में उन्होंने यह भी लिखा है कि वे सन 1965 से स्वयंसेवक है। उन्हें कई बार राज्यसभा में भेजे जाने के लिए आश्वस्त किया गया है। सिसौदिया ने यह भी बताया कि उन्हें राज्यसभा में भेजे जाने पर मप्र के वरिष्ठजनों को अत्यधिक प्रसन्नता होगी। अपने इस पत्र को सिसौदिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजकर उन्हें राज्यसभा सदस्य का टिकट देने की मांग की है। राजनीति को हमेशा सेवा की भावना से लेने वाले 71 वर्षीय सिसौदिया ने कहा की मेरी पार्टी के प्रति निष्ठा एवं सेवाओं को देखते हुवे राज्यसभा में भेजने के लिए दावा कर रहा हूँ।