खंडवा में उठी किशोर दा को भारत रत्न देने की मांग, जन्मदिन के मौके पर देशभर से जुटे किशोर प्रेमी

खंडवा की सड़कों पर गूंजी किशोर कुमार को भारतरत्न देने की मांग

• खण्डवा मध्यप्रदेश से संजय चौबे की रिपोर्ट

मो. 98273 51008

अमर पार्श्व गायक एवं हरफनमौला सिने कलाकार स्व. किशोर कुमार को भारतरत्न देने और उनके पुश्तैनी मकान गौरीकुंज को हैरिटेज घोषित कराने की मांग को लेकर किशोर कुमार ऑल इंडिया ग्रुप के बैनर तले देश भर से खंडवा में जुटे किशोर कुमार के फैंस ने गाजे-बाजे के साथ रैली निकाली, समाधि पर दूध-जलेबी का भोग लगाया और जनजागरण कर सकारात्मक संदेश दिया।
शुक्रवार देर रात से ही किशोर कुमार के फैंस का खंडवा पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो कि शनिवार भी जारी रहा। किशोर कुमार ऑल इंडिया ग्रुप के देवा किशोर अगवाई में कलकत्ता से बड़ी संख्या में सदस्य खंडवा आए। इसी तरह गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उप्र, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से भी किशोर पे्रमी खंडवा पहुंच गए। सुबह से ही रैली की तैयारियां शुरू हो गई थी। स्थानीय पार्वतीबाई धर्मशाला में किशोर प्रेमी एकत्र हुए और यहां से बैंड-बाजों के साथ रैली प्रारंभ हुई। रैली में किशोर प्रेमी टी-शर्ट, कैप और बैच पहने हुए थे जिस पर कि किशोर कुमार का चित्र अंकित था। रैली में किशोर कुमार को भारतरत्न दिए जाने और उनके पुश्तैनी घर को हैरिटेज घोषित करने की मांग वाले बैनर भी टै्रक्टर ट्राली पर लगे हुए थे। ट्रैक्टर ट्रॉली को किशोर कुमार के चित्र वाले रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। ग्रुप के सदस्य किशोर कुमार को भारतरत्न दिया जाए के नारे भी लगा रहे थे। इसी के साथ-साथ वे बैंड-बाजों पर किशोर कुमार के गीत गुनगुना रहे थे। कुछ सदस्य इस दौरान झूमते-नाचते हुए भी दिखाई दिए। यह रैली बांबे बाजार स्थित किशोर कुमार के पुश्तैनी मकान गौरीकुंज पहुंची, वहां पर सदस्यों ने मकान की रखवाली करने वाले बुजुर्ग से मुलाकात कर उनके हालचाल जाने। यहां से यह रैली बांबे बाजार, टाऊन हॉल, जिला चिकित्सालय, पड़ावा होती हुई समाधि पहुंची। यहां पर सभी सदस्यों ने किशोर कुमार समाधि पर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर किशोरदा की प्रिय दूध और जलेबी का भोग भी लगाया गया। बाद में इसका सभी को वितरण कर दिया गया। नगर निगम द्वारा बनाए सांस्कृतिक मंच पर किशोर कुमार ऑल इंडिया ग्रुप के सदस्यों द्वारा खंडवा मीडिया कर्मियों का किशोर कुमार मोमेन्टों देकर सम्मान किया गया।
इस रैली में अखिल भारतीय किशोर कुमार ग्रुप के अध्यक्ष देवा किशोर, कार्तिक मित्रा, चंद्रभानु, गौतम चौधरी, विनोद चौधरी, प्रशांत कुमार, देबु मुखर्जी, प्रितीश पंडित, पराग मेहता, आरके देव, जनक श्राफ, अजय ठाकुर, सुनील गदिया, विवेक रावल, विपुल, किशोर गांगुली, अशोक कुशवाह, धर्मेन्द्र नीलगढ़े सहित खंडवा के मीडियाकर्मी उपस्थित थे। UPDATEMPCG/Bhopal

Pradeep Jaiswal

Political Bureau Chief