•प्रदीप जायसवाल
सागर UPDATE/ जयहिन्द न्यूज़। लोकसभा चुनाव को अभी लगभग एक माह का समय शेष है। सागर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा से प्रत्याशी कौन बने, इसे लेकर महिला नेत्रियों में जमकर लॉबिंग हो रही है। वर्तमान सांसद लक्ष्मीनारायण यादव के टिकिट परिवर्तन की खबरों के बाद सागर से लगभग डेढ़ दर्जन नाम चर्चा में हैं। इनमें आधा दर्जन से अधिक महिला नेत्रियों को सागर लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी का टिकट चाहिए।
सागर से तीन बार विधायक रहीं उम्रदराज सुधा जैन लगातार वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपना दावा पेश कर रही हैं। इसी तरह दमोह की भाजपा नेत्री सुधा मलैया भी दमोह के स्थान पर सागर से चुनाव लड़ना चाहती हैं। वह पूर्व मंत्री जयंत मलैया की पत्नी हैं। पूर्व सांसद और वर्तमान में खुरई क्षेत्र के विधायक भूपेंद्र सिंह की पत्नी श्रीमती सरोज सिंह भी दावेदारों की श्रेणी में है। सागर की एक अन्य भाजपा नेत्री लता गुडडू वानखेड़े महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हैं, वे भी सांसदी की रेस में है। इसी तरह सुरखी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक श्रीमती पारुल नीरज साहू केसरी भी टिकट की इच्छुक हैं। पार्टी में सर्वे के आधार पर उन्हें सुरखी से दोबारा विधानसभा का टिकट नहीं दिया गया था। बीना की पूर्व विधायक सुशीला सिरोठिया भी लोकसभा का टिकट मांग रही हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और जमीनी कार्यकर्ता मुकेश जैन ढाना की पत्नी श्रीमती संगीता जैन भी अपने पति के नाम पर महिला कोटे से टिकट की दौड़ में हैं। श्रीमती प्रीति राजू नायक महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष भी महिला कोटे से टिकट की दौड़ में है। हाल ही में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सागर आगमन पर सागर के भाजपा नेताओं ने श्रीमती सुधा मलैया की सक्रियता को लेकर कुछ इस तरह अपना विरोध दर्ज कराया था कि केवल और केवल स्थानीय उम्मीदवार को टिकट मिलना चाहिए, बाहरी उम्मीदवार को पार्टी कार्यकर्ता स्वीकार नहीं करेंगे।
जाना पहचाना चेहरा ही बांधेगा सेहरा
इसी तरह पार्टी में विभिन्न पदों पर रह चुकी नेत्रियों के खिलाफ भी कार्यकर्ताओ में माहौल हैं। पार्टी के कार्यकर्ता नए और साफ-सुथरे चेहरे को लोकसभा का टिकट चाहते हैं, जो पूरे लोकसभा क्षेत्र में जाना-पहचाना चेहरा हो और जातिगत गणित के आधार पर भी उसका जनाधार हो। इस महीने के अंत में सर्वे रिपोर्टों के आधार पर पार्टी तीन नामों पर विचार करने जा रही है। तीन कौन से नाम होंगे, यह वक्त बताएगा, लेकिन सागर लोकसभा सीट से किसी महिला नेत्री को टिकट मिल जाए तो अतिशयोक्ति नहीं समझा जाना चाहिए।
लक्ष्मीनारायण यादव पर रिस्क इस बार!
पुरुष उम्मीदवारों में डॉ लक्ष्मीकांत शर्मा, डॉ. सुशील तिवारी, डॉ. अनिल तिवारी, डॉ भानु राणा, मुकेश जैन ढाना अन्य कई दावेदार और हैं। वर्तमान सांसद लक्ष्मीनारायण यादव ने पुनः टिकट मिले, इसके लिए लॉबिंग शुरू की है। यह अलग बात है, सर्वे रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है उनकी हार सुनिश्चित मानी जा रही है। UPDATEMPCG.COM
You must be logged in to post a comment.