
कोटरा में सामूहिक करवा चौथ व्रत में भारतीय संस्कृति के हुए दर्शन
भोपाल, UPDATE/दैनिक जयहिन्द न्यूज़। करवा चौथ के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर कोटरा में सामूहिक करवा चौथ महोत्सव का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत 101 जोड़ों ने एक साथ करवा चौथ व्रत की पूजा विधि विधान से की। इसके पश्चात चंद्र दर्शन किए तथा अपने पतियों के हाथ से पानी पीकर व्रत का पारायण एवं भोजन किया। पूजन विधि विधान से मंत्रोचार के साथ सम्पन्न हुआ। एक साथ इतने जोड़ों द्वारा सामूहिक रुप से पूजन तथा मंत्रोचार की ध्वनि से गुंजित वातावरण भारतीय संस्कृति के प्रत्यक्ष दर्शन करा रहा था।
रंग बिरंगी पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में अपने पति की दीर्घायु की मंगल कामना के लिए व्रत कर रही महिलाओं ने सायं लगभग 7:00 बजे से व्रत पूजन प्रारंभ किया। महिलाओं के पीछे उनके पति बैठे थे तथा पूजन में सहयोग कर रहे थे। लगभग 2 घंटे की पूजा के उपरांत 9:00 बजे चांद निकला। तब महिलाओं ने चांद एवं पति का पूजन किया फिर साथ में भोजन हुआ।
सहज समाधान शिक्षा एवं समाज समिति के सचिव कमल गर्ग ने बताया कि इस अनूठे आयोजन का यह दूसरा वर्ष है। इसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति के अनुरूप विधि विधान से सामूहिक रूप से करवा चौथ की व्रत पूजा एवं पारायण तथा उसके माध्यम से सामाजिक सौहार्द्र एवं सद्भाव को बढ़ावा देना है। इसमें समाज के हर वर्ग एवं जाति के जोड़े शामिल हुए हैं। UPDATEMPCG/Bhopal
You must be logged in to post a comment.