(26 नवंबर संविधान गौरव दिवस पर विशेष)
—सुरेन्द्र शर्मा शिवपुरी

26 नवंबर भारतीय लोकतंत्र की गौरवशाली तिथि है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया। इसके अधिकांश प्रावधान 26 जनवरी 1950 से लागू हुए और भारत लोकतांत्रिक गणराज्य बना। संविधान दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि का स्मरण कराता है। यह नागरिक अधिकारों को समझने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का अवसर है।
स्वतंत्रता के समय हमारा देश विभाजन की त्रासदी, सामाजिक विषमता, आर्थिक अभाव और निरक्षरता जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था। ऐसी परिस्थितियों में संविधान निर्माताओं ने न्याय, समानता और लोकतंत्र पर आधारित व्यवस्था चुनी। संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रसाद और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित अनेक सदस्यों ने चर्चा, संशोधन और सहमति से संविधान निर्माण की ऐतिहासिक जिम्मेदारी पूरी की। विभिन्न विचारों और अनुभवों का यह समन्वय लोकतांत्रिक संवाद की शक्ति का श्रेष्ठतम उदाहरण है।
संविधान के निर्माण में बाबासाहेब भीमराव रामजी आंबेडकर का योगदान विशेष रूप से वंदनीय है। सामाजिक भेदभाव की पीड़ा से परिचित होने के कारण व्यक्ति की गरिमा, समान अवसर और वंचितों के अधिकार उनके चिंतन के केंद्र में रहे। बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धा तभी होगी, जब हम अपने व्यवहार से छुआछूत, जातिगत अहंकार और सामाजिक अपमान दूर करेंगे। शिक्षा और लोकतांत्रिक प्रयासों से परिवर्तन लाने का उनका संदेश आज भी प्रेरक है।
संविधान की प्रस्तावना का आरंभ “हम, भारत के लोग” से होता है। ये शब्द बताते हैं कि संवैधानिक सत्ता का मूल स्रोत जनता है। प्रस्तावना भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प व्यक्त करती है। सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय; विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता; प्रतिष्ठा तथा अवसर की समता इसके प्रमुख आदर्श हैं। बंधुता व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता तथा अखंडता सुनिश्चित करने की प्रेरणा देती है।
भारतीय लोकतंत्र की शक्ति जागरूक नागरिक हैं। मतदान देश की दिशा निर्धारित करने में हमारी भागीदारी है, इसलिए निर्णय जानकारी, विवेक और सार्वजनिक हित के आधार पर होना चाहिए।
मौलिक अधिकार सम्मानपूर्ण जीवन का आधार हैं। इनका वास्तविक महत्व तब दिखाई देता है, जब कमजोर व्यक्ति भी अन्याय के विरुद्ध आवाज उठा सके और न्याय प्राप्त कर सके। असहमति लोकतांत्रिक संवाद का स्वाभाविक अंग है; आलोचना को शत्रुता में बदलने से सामाजिक विश्वास कमजोर होता है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका की गरिमा के साथ उनकी जवाबदेही भी आवश्यक है। सार्वजनिक पदों पर बैठे व्यक्तियों का आचरण पारदर्शी और निष्पक्ष होना चाहिए यह शिक्षा हमें संविधान ने दी है।
नागरिक कर्तव्यों में संविधान, राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान, देश की एकता की रक्षा, सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण तथा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा शामिल हैं। वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सुधार की भावना भी समाज को आगे बढ़ाते हैं। हमारी भाषाओं, आस्थाओं और परंपराओं की विविधता राष्ट्रीय संपदा है। किसी की पहचान के आधार पर अपमान या घृणा फैलाना इस साझा विरासत को चोट पहुँचाता है।
वर्ष 2015 में भारत सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संविधान की भावना को “Dignity For Indian and Unity for India” अर्थात प्रत्येक भारतीय की गरिमा और भारत की एकता से जोड़ा है। उनके अनुसार अधिकारों और कर्तव्यों का अटूट संबंध है। यातायात नियमों का पालन, जल संरक्षण और समय पर कर भुगतान जैसे दैनिक कार्यों में भी राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी प्रकट होती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संविधान को वर्तमान और भविष्य का मार्गदर्शक बताते हुए विकसित भारत के निर्माण पर बल दिया है। उन्होंने सामान्य पृष्ठभूमि के नागरिकों को आगे बढ़ने की शक्ति देने में संविधान की भूमिका रेखांकित की। पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का सम्मान करने का उनका सुझाव नई पीढ़ी में लोकतांत्रिक भागीदारी और दायित्व की भावना बढ़ाने का अवसर है।
संविधान का गौरव मनाते समय उसके उल्लंघन के इतिहास से सीखना भी आवश्यक है। इंदिरा गांधी सरकार द्वारा लगाया गया 1975 का आपातकाल नागरिक स्वतंत्रताओं पर गंभीर प्रहार था। विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारियाँ, प्रेस पर सेंसरशिप और कुछ मौलिक अधिकारों के प्रवर्तन पर प्रतिबंध सत्ता के केंद्रीकरण के खतरों की चेतावनी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इन घटनाओं के संदर्भ में कांग्रेस पर संवैधानिक व्यवस्थाओं को राजनीतिक स्वार्थ के लिए कमजोर करने वाला बताया है।
आपातकाल के दौरान 39वें संशोधन से इंदिरा गांधी के चुनाव को विशेष संरक्षण देने वाले प्रावधान को सर्वोच्च न्यायालय ने असंवैधानिक ठहराया। 42वें संशोधन द्वारा संसद की संशोधन शक्ति को असीमित करने और संविधान संशोधनों की न्यायिक समीक्षा रोकने के प्रयास भी हुए। ‘मिनर्वा मिल्स’ मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने संबंधित प्रावधान निरस्त किए। कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के समय 2005 में बिहार विधानसभा का विघटन भी असंवैधानिक घोषित हुआ। ये घटनाएँ बताती हैं कि संवैधानिक सीमाओं का पालन प्रत्येक सरकार के लिए अनिवार्य है।

संविधान गौरव दिवस मनाना तभी सार्थक होगा, जब संविधान का सम्मान हमारे आचरण, और सार्वजनिक जीवन में दिखाई दे।
7 जून 2024 को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन, अर्थात पुराने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय संविधान की प्रति के समक्ष शीश झुकाया और उसे उठाकर श्रद्धापूर्वक अपने माथे से लगाया था लोकसभा चुनाव के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के बीच हुआ यह क्षण संविधान के प्रति सम्मान की एक महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति था।
इस दृश्य का संदेश गहरा है—लोकतंत्र में प्रत्येक पद की गरिमा संविधान से आती है और उसके साथ जनता के प्रति उत्तरदायित्व भी जुड़ा होता है। संविधान को नमन करना उसके निर्माताओं की दूरदृष्टि, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष तथा देशवासियों की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं के प्रति आदर प्रकट करना है।
संविधान का सम्मान तभी सार्थक होता है, जब उसके आदर्श हमारे आचरण में दिखाई दें। प्रधानमंत्री जी का यह भावपूर्ण नमन हमें इसी संकल्प की प्रेरणा देता है।
संविधान का सम्मान जेब में किताब रखने से नहीं, उसके आदर्शों पर चलने से होता है
संविधान की पुस्तक साथ रखना अच्छी बात है। लेकिन जो लोग इसे लेकर घूमते हैं, उनसे देश यह अपेक्षा भी करता है कि उनके व्यवहार, निर्णय और सार्वजनिक जीवन में संवैधानिक मूल्यों का सम्मान दिखाई दे। संविधान के प्रति निष्ठा का प्रमाण केवल उसकी प्रति दिखाने से नहीं मिलता; वह अपने आचरण से देना पड़ता है। भारत का संविधान किसी एक दल, परिवार या विचारधारा की संपत्ति नहीं है। यह स्वतंत्रता संग्राम के संघर्षों, संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि और करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाओं का साझा दस्तावेज है। इसलिए इसे राजनीतिक मंच पर उठाने वाले हर व्यक्ति को उसके प्रति अपनी जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए।
संविधान अधिकार देता है, तो कर्तव्य का बोध भी कराता है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र की शक्ति है। सरकार से प्रश्न पूछना, नीतियों की आलोचना करना और शांतिपूर्ण विरोध करना लोकतांत्रिक जीवन के आवश्यक अंग हैं। लेकिन इसी स्वतंत्रता के साथ तथ्यों के प्रति ईमानदारी, दूसरों की गरिमा का सम्मान और सार्वजनिक शांति की जिम्मेदारी भी जुड़ी है। अपने लिए स्वतंत्रता माँगते हुए विरोधी की आवाज दबाना संवैधानिक भावना के अनुरूप कैसे हो सकता है?
इसी तरह, समानता की बात करने वालों को अपने संगठन और व्यवहार में भी समान अवसर देने चाहिए। सामाजिक न्याय का दावा तभी विश्वसनीय बनता है, जब वंचित व्यक्ति को सम्मान, प्रतिनिधित्व और आगे बढ़ने का वास्तविक अवसर मिले। संविधान का नाम लेकर समाज में अविश्वास बढ़ाने से उसके उद्देश्यों की पूर्ति नहीं होती।
लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति रवैया भी एक महत्वपूर्ण कसौटी है।किसी संस्था का निर्णय अपने पक्ष में आए तो उसकी प्रशंसा करना और प्रतिकूल आए तो बिना ठोस आधार उसके अस्तित्व या नीयत पर प्रश्नचिह्न लगा देना सुविधाजनक राजनीति हो सकती है, संवैधानिक प्रतिबद्धता नहीं। संस्थाओं के निर्णयों की समीक्षा और आलोचना होनी चाहिए। त्रुटियों के विरुद्ध उपलब्ध प्रक्रियाओं का उपयोग भी होना चाहिए। लेकिन आरोप प्रमाण पर आधारित हों और सुधार का उद्देश्य संस्थाओं को अधिक निष्पक्ष तथा जवाबदेह बनाना हो।
जनादेश के प्रति भी यही दृष्टि आवश्यक है। चुनाव में जीत जनता की सेवा का अवसर है और हार आत्ममंथन का संदेश। चुनावी प्रक्रिया पर किसी आपत्ति को तथ्यों और निर्धारित प्रक्रियाओं के माध्यम से उठाना उचित है। केवल राजनीतिक असहमति के कारण मतदाताओं के निर्णय को तुच्छ बताना जनता के विवेक का अपमान है।
यह कसौटी सभी पर समान रूप से लागू होनी चाहिए—सत्ता पक्ष पर भी और विपक्ष पर भी। संविधान का सम्मान तभी सार्थक है, जब हम अपने पक्ष की गलती पर भी प्रश्न उठाने का साहस रखें।
इसलिए जेब में संविधान की किताब लेकर घूमने वालों से प्रश्न पूछना आवश्यक है: क्या आपके आचरण में भी संविधान बसता है? क्या आपकी राजनीति में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के लिए जगह है? क्या आप वही मर्यादा अपने लिए स्वीकार करते हैं, जिसकी अपेक्षा दूसरों से करते हैं?
देश को संविधान पढ़ने वाले, समझने वाले और उसके अनुसार काम करने वाले जनप्रतिनिधि चाहिए। उसकी पुस्तक हाथ में होना स्वागतयोग्य है; उसके आदर्शों का निर्णयों में उतरना अनिवार्य है।
संविधान की सबसे बड़ी प्रतिष्ठा तब होती है, जब अंतिम पंक्ति में खड़े नागरिक को न्याय मिले, निर्बल को सुरक्षा मिले और प्रत्येक भारतीय को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिले। यही संविधान के सम्मान की वास्तविक कसौटी है।
आइए, इस संविधान गौरव दिवस पर संकल्प लें कि हम न्याय, समता, स्वतंत्रता और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में स्थान देंगे। वंचित व्यक्ति के सम्मान की रक्षा करेंगे, महिलाओं को समान अवसर देने में सहयोग करेंगे और सार्वजनिक हित को महत्व देंगे। संविधान निर्माताओं की साधना का सम्मान हमारे जिम्मेदार आचरण से होगा। जागरूक नागरिक, संवेदनशील समाज और उत्तरदायी संस्थाएँ मिलकर ऐसे भारत का निर्माण कर सकती हैं, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति सम्मान के साथ आगे बढ़ सके।
संविधान का सम्मान, नागरिक कर्तव्यों का पालन और राष्ट्र की एकता के प्रति समर्पण—यही संविधान गौरव दिवस का संकल्प बने।
लेखक :
प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजपा मध्यप्रदेश
संभाग प्रभारी, निमाड़ संभाग
ईमेल: surendrasharmabjp@gmail.com
मोबाइल: 9074600001, 9174600001